हमीरपुर। राजकीय संस्कृत शिक्षक परिषद जिला हमीरपुर की बैठक में 25 से 31 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह मनाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान विद्यालय और जिला स्तर पर संस्कृत संभाषण, श्लोक-पाठ, संस्कृत गीत, प्रश्नोत्तरी, भाषण, निबंध लेखन और योग-संस्कृत सहित विभिन्न गतिविधियां व प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
बैठक रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हमीरपुर में जिला अध्यक्ष नरेश मलोटिया की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिले के पांचों खंडों की कार्यकारिणियों के पदाधिकारियों सहित विभिन्न विद्यालयों के संस्कृत शिक्षकों ने भाग लिया।
आचार्य नरेश मलोटिया ने कहा कि श्रावणी पूर्णिमा के दिन 28 अगस्त को संस्कृत दिवस मनाया जाता है। इसी के उपलक्ष्य में 25 से 31 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह आयोजित किया जाएगा।
बैठक में संस्कृत गतिविधियों, योग-संस्कृति, दीपकम् पुस्तक, संस्कृत विषय से संबंधित पुस्तकों एवं पाठ्यक्रम, बोर्ड की वेबसाइट पर आवश्यक जानकारी अपडेट करने तथा खेल व अन्य गतिविधियों में संस्कृत शिक्षकों की सहभागिता सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में परिषद के जिला महासचिव स्वामी लाल, पूर्व राज्य महासचिव डॉ. अमित शर्मा, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष पवन कुमार, महिला प्रधान मीनाक्षी शमी, महिला संयोजिका रिंपल रानी, जिला संगठन मंत्री हिरवानी ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।