दियोटसिद्ध में पलटा रेत से भरा टिप्पर। स्रोत जागरूक पाठक
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ धाम दियोटसिद्ध के पास रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब सड़क किनारे की मिट्टी धंसने से रेत से लदा एक टिपर अनियंत्रित होकर करीब 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में चालक समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक टिपर ऊना से रेत लेकर चकमोह की ओर जा रहा था। वाहन में चालक अनमोल के अलावा हेमराज और मनीष कुमार सवार थे। जैसे ही टिपर बैरियर नंबर-दो के पास पहुंचा, सड़क संकरी होने के कारण मनीष कुमार वाहन को सुरक्षित निकालने और चालक की मदद के लिए नीचे उतर गया।
इसी दौरान अचानक सड़क किनारे की मिट्टी धंस गई और टिपर संतुलन खोकर करीब 10 मीटर नीचे जा गिरा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे में चालक अनमोल और हेमराज को हल्की चोटें आईं। दोनों घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए बिझड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, एएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।