हमीरपुर। मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते समीरपुर-झनिक्कर नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही 29 सितंबर तक बंद रहेगी। जिलाधीश हरिकेश मीणा ने बताया कि इस अवधि के दौरान वाहन चालक अवाहदेवी से बगवाड़ा, घराण, कंजयाण और टिक्कर खातरियां मार्ग से आवाजाही कर सकते हैं। झनिक्कर-टौणी देवी नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही 30 सितंबर से 6 अक्तूबर तक बंद रहेगी। इस अवधि के दौरान वाहन चालक वैकल्पिक रूट के रूप में सकांदर-लंबलू-कालेअंब सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। नादौन क्षेत्र में जलाड़ी से मौनी बाबे दी कुटिया तक की सड़क 15 अक्तूबर तक बंद रहेगी।
इस अवधि के दौरान वाहन चालक पट्टा-जलाड़ी-मण सड़क या रंगस-रैल बड़ा वाया भूंपल-सदवां या सुडियाल-सलेहड़ सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। मानपुल-गौना करौर, बसारल जसोह सड़क पर वाहनों की आवाजाही 31 अक्तूबर तक बंद रहेगी। इस अवधि के दौरान वाहन चालक नादौन-बंगाणा सड़क, मानपुल-सेरा किटपल सड़क या लिंक रोड गौना से आवाजाही कर सकते हैं। मरम्मत एवं इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक बिछाने के कार्य के चलते भोरंज उपमंडल की पंजोत-धरयाड़ा सड़क यातायात के लिए 10 अक्तूबर तक बंद कर दी गई है। इस संबंध में आदेश जारी करते हुए एसडीएम राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि उक्त अवधि के दौरान वाहन चालक कंजयाण-डारट सड़क से आवागमन कर सकते हैं।