मंडी से हमीरपुर आ रही थी परिवहन निगम की बस, दूसरी बसों में गंतव्य तक पहुंची सवारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
लदरौर (हमीरपुर)। लोगों को परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने का एचआरटीसी के दावे आए दिन हवा हो रहे हैं। आए दिन रूट पर निकली बसें बीच सफर में हांफ रही हैं और सवारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को भी एचआरटीसी के हमीरपुर डिपो की बस के पहिये पट्टा में थम गए।
जानकारी के अनुसार बस की एयर प्रेशर पाइप फट गया, जिस कारण बस आगे नहीं बढ़ पाई। बस में बैठी सवारियों को अन्य बस में गंतव्य के लिए रवाना होना पड़ा। हमीरपुर डिपो की बस मंडी से हमीरपुर आ रही थी इस दौरान सुबह करीब 9:30 बजे पट्टा में यह बस रुक गई।
बस का एयरप्रेशर पाइप ही फटने से बीच रास्ते में रुक गई। बस में लगभग आठ से दस सवारियां मौजूद थी। चालक और परिचालक ने बस को ठीक करने का काफी प्रयास किया, लेकिन उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकी। आखिरकार बस को पट्टा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के पास खड़ा करना पड़ा। हमीरपुर से मेकेनिक को बुलाया गया। उसने बस को ठीक किया। इससे पहले सवारियां अन्य यातायात के साधनों के जरिये गंतव्य के लिए रवाना हो गईं। हमीरपुर बस अड्डा प्रभारी रामलाल ने कहा कि पट्टा में बस खराब हुई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है। यह बस मंडी से हमीरपुर आ रही थी, लेकिन रास्ते बस का एयर प्रेशर पाइप फट गया था।