प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर के पास पहुंची बजट राशि का शीघ्र होगा आवंटन
सत्र 2025-26 में स्कूलों में भवन निर्माण और मरम्मत कार्य पर खर्च होगी यह राशि
2023-24 में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों ने बजट के लिए की थी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला के 19 राजकीय प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में विभिन्न कार्यों पर 22.34 लाख रुपये खर्च होंगे। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में इन स्कूलों में भवन निर्माण कार्य, भवन मरम्मत, शौचालय निर्माण, रसोईघर, खेल मैदान मरम्मत, विद्यार्थियों के लिए कक्षा कक्ष, स्कूल में रंग रोगन, चहारदीवारी की मरम्मत, पुराने कक्षा कक्षों की मरम्मत सहित अन्य रखरखाव संबंधी कार्य करवाए जाएंगे।
इन सभी स्कूलों ने सत्र 2023-24 में स्कूलों में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न कार्य करवाने के लिए प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में भवन निर्माण और रखरखाव कार्य के लिए बजट की मांग की थी।
अब इन स्कूलों को शिक्षा निदेशालय की ओर से विभिन्न विकास कार्यों के लिए आवश्यकता अनुसार बजट स्वीकृत हुआ है। स्कूलों में ये सभी कार्य आगामी सत्र में करवाए जाएंगे। दो माह के भीतर परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। ऐसे में विभाग की ओर से विकास कार्यों को नए सत्र में ही शुरू करवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों को स्कूल परिसर में सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर के पास इन स्कूलों के लिए बजट राशि पहुंच चुकी है। शीघ्र ही इस राशि का छह शिक्षा खंडों में आवंटन किया जाएगा। स्कूलों के लिए स्वीकृत हुई बजट राशि में खंड शिक्षा अधिकारी बिझड़ी के पुराने भवन का भी मरम्मत कार्य शामिल है।
कोट
19 प्राथमिक और माध्यमिक पाठशालाओं को विभिन्न विकास कार्य के लिए 22 लाख 34 हजार रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। शीघ्र ही खंड स्तर पर बजट राशि का आवंटन कर दिया जाएगा। इस राशि से स्कूलों में भवन मरम्मत संबंधी कार्य करवाए जाएंगे।
ओंकार भाटिया, कार्यकारी उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर