टौणी देवी (हमीरपुर)। पुलिस चौकी टौणी देवी के समीप दरकोटी और ऊहल चौक पर पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण हादसे का खतरा बना हुआ है। बरसात के दौरान बारिश होने पर छोटे-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरते हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।
स्थानीय वाहन चालकों अर्पित, युवान, प्रदीप और कमल ने बताया कि यह मार्ग दिनभर व्यस्त रहता है। एनएच-03 के निर्माण के दौरान पहाड़ी कटिंग के बाद से यहां भूस्खलन और पत्थर गिरने की समस्या बढ़ी है। अचानक पत्थर गिरने से वाहन चालकों को संभलने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता।
लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मौके का निरीक्षण कर पहाड़ी के कमजोर हिस्से को सुरक्षित करने और पत्थर गिरने की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
बरसात के दौरान किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय संवेदनशील स्थान पर तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाएं। पहाड़ी कटिंग से प्रभावित हिस्से की तकनीकी जांच करवाकर आवश्यक सुरक्षा कार्य किए जाएं, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिल सके।
-सुरेश कुमार, दुकानदार टौणी देवी
पिछली बरसात के दौरान भी यही स्थिति थी। उसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग से आग्रह है कि समस्या का स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जाए।
-जगदीश, दुकानदार टौणी देवी
यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लगातार बारिश के दौरान स्थिति और बिगड़ सकती है। संबंधित विभाग की ओर से जल्द कार्रवाई किए जाने की जरूरत है।
-अशोक कुमार, दुकानदार टौणी देवी
कोट
बरसात के दौरान सड़क पर गिरे मलबे को जेसीबी की मदद से हटाया जाता है। वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की जा रही है।
-नितीश, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग टौणी देवी
दरकोटी के समीप पहाड़ी से गिरे पत्थर। संवाद
दरकोटी के समीप पहाड़ी से गिरे पत्थर। संवाद
दरकोटी के समीप पहाड़ी से गिरे पत्थर। संवाद