टौणी देवी अस्पताल चौक पर स्पीड ब्रेकर की दरकार। संवाद
टौणी देवी (हमीरपुर)। एनएच-03 पर टौणी देवी क्षेत्र में वाहनों की तेज रफ्तार लोगों के लिए परेशानी और चिंता का कारण बनी हुई है। तेज गति से गुजरते वाहनों के कारण सड़क पर हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों में मदन लाल, सुरेंद्र कुमार, अमनदीप राणा और सुरेंद्र पाल आदि ने कहा कि टौणी देवी मंदिर चौक, ऊहल चौक सहित प्रमुख स्थानों पर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के कारण पैदल चलने वालों और सड़क पार करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इन स्थानों पर किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने एनएच-03 निर्माण कंपनी से मांग की है कि टौणी देवी मंदिर चौक, ऊहल चौक और अन्य संवेदनशील स्थानों पर यातायात स्थिति का आकलन कर नियमानुसार गति नियंत्रण के उपाय किए जाएं।
साथ ही यातायात पुलिस की निगरानी बढ़ाने, गति सीमा का पालन सुनिश्चित करने और आवश्यक सुरक्षा संकेतक लगाने की भी मांग की, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके और लोगों का सफर सुरक्षित हो।
उधर, एनएच-03 के हाईवे इंजीनियर अनुज सांख्यान ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्पीड ब्रेकर नहीं होते हैं। हालांकि, यदि कोई स्थान दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील है, तो वहां उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।