पुलिस लाइन हमीरपुर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करती पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा।
हमीरपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन हमीरपुर में संयुक्त सलाहकार और कल्याण समिति तथा अपराध बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अशोक कुमार वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक (मु0) जिला हमीरपुर रोहिन डोगरा, उप मंडलीय पुलिस अधिकारी बड़सर लालमन तथा जिला पुलिस हमीरपुर के 39 पुलिस कर्मचारियों ने भाग लिया। इस बैठक के दौरान जिला के पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित मुद्दों को सुना गया तथा सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया गया। इसके उपरांत अपराध बैठक आयोजित की गई। इसमें पूर्व में घटित सभी अन्वेषणाधीन अभियोगों तथा कानून व्यवस्था की गहनता से समीक्षा की गई। इस बैठक के दौरान समस्त पर्यवेक्षक अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित अभियोगों के अन्वेषण को तुरंत पूर्ण करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। जिले में अपराधों की रोकथाम तथा अपराधियों को पकड़ने के लिए जारी किए गए सभी विशेष अभियानों की समीक्षा की गई तथा सभी थाना और चौकी प्रभारियों को इन पर कार्य जारी रखने के लिए पुन: विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक, जिला हमीरपुर ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार के सभी शिक्षण संस्थानों में भ्रमण करके विद्यार्थियों के साथ विचार-विमर्श करके पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में अवगत करने तथा नशे के दुष्प्रभाव के बारे में शिक्षित करने के लिए भी सभी को दिशा-निर्देश जारी किए।
सभी थाना और चौकी प्रभारियों को मादक पदार्थ विक्रेताओं एवं मादक पदार्थ उपलब्ध करने वालों, अवैध खनन, शराब तस्करी एवं अवैध कार्य करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान जारी रखने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के संदर्भ में भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस दौरान समस्त थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में सभी प्रवासी मजदूरों का सौ फीसदी पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए जारी अभियान को तेज करने के लिए भी पुन: दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस बैठक के दौरान सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार नियमित गश्त और नाकाबंदी करने तथा संदिग्ध गतिविधियों वाले सभी व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने और तुरंत कार्रवाई एवं डेटाबेस तैयार करने के लिए भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधीक्षक, जिला हमीरपुर ने बैठक के अंत में सभी पुलिस अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों को अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान नैतिक, ईमानदार, पेशेवर, शालीन और भद्र तथा गैर-पक्षपाती व्यवहार करने के संदर्भ में भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए।