भोटा (हमीरपुर)। नगर पंचायत भोटा के वार्ड नंबर सात में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने वाले भाजपा शहरी इकाई अध्यक्ष संजय कुमार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तलवार लटक गई है।
मंडल भाजपा बड़सर की शिकायत के बाद जिला भाजपा ने मामले को प्रदेश संगठन के पास भेज दिया है। भाजपा बड़सर मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा ने 12 मई को जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर को लिखित शिकायत भेजकर संजय कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी।
शिकायत मिलने के बाद जिला भाजपा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रदेश नेतृत्व को पूरे घटनाक्रम से अवगत करवा दिया है। संजय कुमार स्वयं पार्टी के शहरी इकाई अध्यक्ष हैं, जबकि उनकी पत्नी को नगर पंचायत भोटा के वार्ड नंबर पांच से भाजपा का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ना गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक अनुशासन और सामूहिक निर्णयों को सर्वोपरि मानती है और किसी भी स्तर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।