राखी मेले में राखियों की खरीदारी करती युवती। स्रोत: वीडियो ग्रैब
हमीरपुर। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के पर्व रक्षाबंधन को लेकर स्वयं सहायता समूहों ने इस बार विभिन्न प्रकार की राखियों के स्टाल लगाए हैं। उपायुक्त कार्यालय परिसर के साथ लगे राखी मेले में चीड़ के पत्तों, रेशमी धागा, नजर बट्टू की राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
बाजार में खरीदारी करने आने वाली महिलाएं स्वदेशी उत्पादों से बनी राखियों की जमकर खरीदारी कर रही हैं। बुधवार को मेले में पहुंची युवतियों ज्योति, तानिया, अंजलि, रीचा, सोनिया, शालिनी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने घर पर प्राकृतिक तरीके से राखियों को तैयार किया है। इससे न केवल स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी को बढ़ावा मिलता है, बल्कि कैमिकलों से मुक्त राखियां भी मिलती हैं।
शेर बलौणी पंचायत के स्वयं सहायता समूह की प्रतिनिधि रीना जम्वाल ने बताया कि चीड़ के पत्तों की स्पेशल राखी तैयार की है, जिसकी डिमांड बहुत है। राखी की कीमत 50 रुपये है। मेला शुक्रवार तक जारी रहेगा। उन्होंने मेले के लिए जगह देने पर जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।