माता-पिता के साथ चमनेड़ गांव के सीए राजन शर्मा।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। सदर तहसील के तहत पड़ते चमनेड़ गांव के राजन शर्मा चार्टर्ड अकाउंटेंट बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार एवं गांव में खुशी का माहौल है। सीए बनने के बाद शनिवार को घर लौटने पर परिजनों ने उनका मुंह मीठा कर स्वागत किया। राजन शर्मा शुरू से ही होनहार व मेधावी विद्यार्थी रहे हैं।
उन्होंने अपनी आठवीं तक की पढ़ाई राजकीय माध्यमिक पाठशाला चमनेड़ से की। इसके बाद बारहवीं तक की पढ़ाई डीएवी हमीरपुर से की। राजन ने बारहवीं तक की पढ़ाई विज्ञान संकाय से की, लेकिन उन्होंने कुछ हटकर करने की सोची और सीए बनने का दृढ़ निश्चय किया। वर्ष 2011 में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में उन्होंने बी कॉम में दाखिला लिया और अपने लक्ष्य के लिए वह मेहनत करने लगे। महाविद्यालय में मेधावी छात्र होने के साथ-साथ ही वह वर्ष 2013-14 में कॉलेज के निर्वाचित अध्यक्ष भी रहे।
विज्ञान संकाय से निकल कर राजन शर्मा ने कॉमर्स को कॅरिअर चुना और अब सीए बन गए हैं। राजन के पिता अमरनाथ शर्मा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता श्रोतां देवी गृहिणी हैं। राजन की तीन बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। ग्रेजूएशन के बाद राजन को आईपीसीसी में डायरेक्ट एंट्री मिली और यहां से उनकी सीए बनने कवायद शुरू हुई। पांच सालों की मेहनत और लगन के बाद राजन ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, रिश्तेदारों, गुरुजनों व दोस्तों को दिया है। उनका कहना है कि अगर अपने लक्ष्य की ओर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से बढ़ें तो इसे अवश्य प्राप्त किया जा सकता है। जिंदगी के उतार-चढ़ाव में दुखी व परेशान होने की बजाय वहीं से प्रोत्साहित होकर और अधिक मेहनत करनी चाहिए।