लदरौर(हमीरपुर)। दो जिलों के संगम स्थल पर स्थित संतोषी माता मंदिर लदरौर खुथड़ी में राधा-कृष्ण मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मंदिर कमेटी की ओर से मुख्य गेट के पास मंदिर का निर्माण करवाया जा रहा है।
इससे श्रद्धालुओं को मंदिर की धरातल मंजिल पर ही दर्शन की सुविधा मिलेगी। नवनिर्मित मंदिर के साथ खाली जगह पर गोकुल धाम की चित्रकलाएं प्रदर्शित की जाएंगी। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर कंस वध तक का वर्णन होगा। मंदिर के कार्य पर कमेटी की ओर से पांच लाख रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है।
दो लाख रुपये से मंदिर के गर्भ गृह में राधा-कृष्ण भगवान की मूर्ति स्थापित होगी। पूर्व में निर्माणाधीन मंदिर की जगह पर जूत्ताघर हुआ करता था, लेकिन निर्माण को लेकर पुराने जूत्ताघर को डिस्मेंटल कर नए जूत्ताघर को निर्माणाधीन लिफ्ट के साथ बनाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को जूत्ते खोलने के लिए परेशानी न हो।
वर्तमान में मंदिर में निर्माणाधीन लिफ्ट की तीन मंजिलों, जूत्ताघर व शौचालयों का 90 फीसदी कार्य पूर्ण हो गया है। अब रंग-रोगन के साथ चैत्र मास नवरात्रि को लेकर मंदिर को सजाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को मंदिर में सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जा सकें। इससे पूर्व मंदिर में भगवान शिव और नंदी की मूर्ति को स्थापित किया जा चुका है।
कोट
मंदिर में पुराने जूत्ताघर को तोड़कर भव्य राधा-कृष्ण मंदिर बनाया जा रहा है। मंदिर के गर्भगृह में दो लाख रुपये से मूर्ति स्थापित होगी। श्रद्धालुओं को मंदिर के मुख्य गेट पर ही दर्शन करने की सुविधा मिलेगी। मंदिर में विकास कार्य सुचारू रूप से करवाए जा रहे हैं।
-बलवंत सिंह, प्रधान, संतोषी माता मंदिर कमेटी लदरौर