जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की डाडू पंचायत के दयोग गांव में शनिवार को विधायक आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दयोग गांव को जोड़ने वाली सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे।
भोरंज विधायक सुरेश कुमार ने बतौर मुख्यातिथि पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका मौक पर ही निपटारा करवाया। विधायक सुरेश कुमार ने बताया कि कंज्याण कॉलेज में बेटियों की सुविधा के लिए एमए की कक्षाएं तथा कंज्याण में भी जल शक्ति विभाग का उपमंडल खोला गया है। वहीं, उन्होंने दयोग गांव को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य गुणवत्ता से न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को इसकी जांच करने के आदेश दिए।
ग्रामीणों की मांग और पानी की समस्या को दूर करने के लिए दयोग गांव में 50 हजार लीटर पानी की क्षमता का ओवरहेड टैंक बनाने की घोषणा की। वहीं, सड़क के अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए दस लाख रुपये, दो महिला मंडलों के लिए 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की। गांव में बिजली की समस्या को दूर करने के लिए थ्री फेज लाइन से जोड़ने और श्मशानघाट का निर्माण प्राथमिकता से करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में भोरंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, पूर्व राजीव लाल मैहर, कांगड़ा सहकारी कृषि एवं भूमि विकास बैंक के निदेशक रोशन लाल शर्मा आदि मौजूद रहे।
बॉक्स
भोरंज में डीएसपी कार्यालय का किया उद्घाटन
भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने भोरंज में डीएसपी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर व अन्य ने विधायक सुरेश कुमार का स्वागत किया। भोरंज तहसील के पूरी तरह ऑनलाइन होने का भी शुभारंभ किया। डीएसपी कार्यालय के खुलने के भोरंज में कानून व्यवस्था और मजबूत होगी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेणू शर्मा, राजेश, डीएसपी बडसर लालमन शर्मा, भोरंज एसडीएम शशिपाल शर्मा, तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, भोरंज थाना प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर आदि मौजूद रहे।