हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के पीटीए पर तैनात कर्मचारियों का वेतन गर्मी की छुट्टियां न होने के बावजूद काट लिया गया है। हर वर्ष कॉलेज प्रबंधन पीटीए कर्मचारियों को महज दस माह का वेतन देता है। इस दौरान एक माह गर्मी की छुट्टियों का जबकि एक माह सर्दियों की छुट्टियों का वेतन काटा जाता है। लेकिन इस बार सरकार ने गर्मियों की छुट्टियां नहीं की है और न ही इस संबंध में कोई अधिसूचना जारी की है। इसके बावजूद इन कर्मचारियों का जून माह का वेतन काट लिया गया है। अब कर्मचारियों को यह भी डर है कि अगर आगामी समय में कॉलेज में छुट्टियां होती हैं तो उनका वेतन दोबारा काटा जाएगा।
उधर, सेल्फ फाइनांस के नॉन टीचिंग कर्मचारियों का भी एक माह का वेतन काटा गया है। ऐसे में कर्मचारियों को अपने परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने कहा कि अगर कॉलेज में छुट्टियां नहीं हुई हैं तो उनका वेतन क्यों काटा गया। अगर आगामी समय में छुट्टियां होती हैं तो उनका वेतन दोबारा काट लिया जाएगा। इससे उन्हें हानि होगी। इस संबंध में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर की प्राचार्य डॉ. अंजू बत्ता सहगल ने कहा कि पीटीए पर तैनात कर्मचारियों के साथ हुए अनुबंध के अनुसार इन्हें दस माह का ही वेतन दिया जाता है। लॉकडाउन में कर्मचारी घर पर ही थे। पीटीए कमेटी की सहमति से ही वेतन नहीं दिया गया है। आगामी समय में छुट्टियां नहीं होंगी। कर्मचारियों को दस माह का ही वेतन मिलेगा।