बिझड़ी (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत कोहड़रा के ग्रामीणों ने सोमवार को खुले में शवदाह करने पर विरोध जताया। श्मशान घाट के लिए रास्ता न होने के चलते जब एक पक्ष ने खुले में शवदाह करना चाहा तो अन्य ग्रामीणों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि एसडीएम बड़सर को मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाना पड़ा।
मामला ग्राम पंचायत कोहड़रा के पलेहड़ा गांव का है। गांव में व्यक्ति की मौत हो गई थी। परिजन शव को दाह संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए, लेकिन रास्ता बंद होने पर उन्होंने खुले में ही शवदाह करने का प्रयास किया। इतने में दूसरे पक्ष ने इसका विरोध शुरू किया और शवदाह नहीं करने दिया। दोनों पक्ष में इस बात को लेकर थोड़ी बहुत गहमागहमी भी हुई।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम बड़सर ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्ष को शांत किया और पंचायत के माध्यम से श्मशान घाट के रास्ते को पक्का बनाने का आश्वासन दिया गया, तब जाकर दोनों पक्ष मानें। उधर, एसडीएम बड़सर रोहित शर्मा ने कहा कि दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया गया है। ग्रामीणों की परंपरा के अनुसार शव का अंतिम संस्कार करवाया गया है।