हमीरपुर। शहर में तीन दिन पहले एक दुकानदार से हुई मारपीट के मामले में व्यापार मंडल हमीरपुर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। व्यापार मंडल ने दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई न होने की सूरत में आंदोलन करने की चेतावनी दी है। आरोप है कि दुकानदार पर जानलेवा हमला करने के आरोपी खुलेआम बेखौफ घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें नहीं पकड़ पा रही।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल सोनी, अश्वनी जगोता, सुमित ठाकुर, मनीष पुरी और राजेंद्र सोनी ने कहा कि एसपी हमीरपुर को फोन कर रहे हैं तो उनका फोन स्विच ऑफ आ रहा है। मारपीट के मामलों और नशे के धंधे में बाहरी राज्यों से आए हुए वो लोग संलिप्त हैं, जिनका न तो पुलिस के पास रिकॉर्ड है, न ही नगर परिषद के पास।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में हमीरपुर में नियम और कानून सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। पुलिस के लोग क्रिप्टो करेंसी के चक्कर में उलझ कर रहे गए हैं और उन्हें आम आदमी से कोई सरोकार नहीं रहा है। बड़ी हैरानी की बात है कि पुलिस लाइन के पास ही बाहरी राज्यों के कुछ लोग एक दुकानदार पर जानलेवा हमला कर फरार हो गए।
अनिल सोनी ने कहा कि अगर मारपीट के मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो व्यापार मंडल और बाकी संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक हमीरपुर से मांग की है कि समय रहते बाहरी लोगों पर शिकंजा नहीं कसा तो यहां हालात बद से बदतर हो जाएंगे जैसे नशे के चक्कर में हुए हैं और इन सभी मामलों की जिम्मेदारी और जवाबदेही पुलिस की होगी।