शाम छह बजे के बाद बाजार बंद करने हैं आदेश... हमीरपुर के गांधी चौक में शाम साढ़े छह बजे तक खुली रहीं द?
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के साथ लगते बाजार के दुकानदारों ने शनिवार और रविवार को दुकानें बंद रखने के आदेश का विरोध जताया है। व्यापारियों ने इस आदेश को वापस लेने और दियोटसिद्ध में शनिवार और रविवार को दुकानें खुली रखने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र लिखा है। व्यापारियों ने कहा कि शनिवार और रविवार को सभी दुकानों को बंद करने से धार्मिक स्थल दियोटसिद्ध के दुकानदारों व श्रद्धालुओं पर विपरीत असर पड़ेगा। व्यापार मंडल ने पत्र में कहा है कि बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध उत्तरी भारत का प्रसिद्ध सिद्धपीठ है तथा रविवार को बाबा बालक नाथ का दिन माने जाने के कारण यहां अधिकतर भक्त माथा टेकने पहुंचते हैं। इसके चलते शनिवार को ही श्रद्धालु बाबा की नगरी में पहुंचना शुरू हो जाते हैं।
ऐसे में इन्हीं दो दिन की कमाई पर दुकानदारों की रोजी-रोटी निर्भर है। जिला प्रशासन के दो दिन दुकानें बंद रखने के निर्णय के कारण सैकड़ों परिवारों की रोजी रोटी पर संकट की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। पूर्व में मंदिरों के बंद रहने से व्यापारियों ने भारी आर्थिक नुकसान झेला है तथा अब मंदिर खुलने पर मुश्किल से रोजी रोटी शुरू हुई है तो दो दिन दुकानें बंद रखने के आदेश दे दिए गए हैं। व्यापारियों ने धार्मिक स्थल बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में स्थित दुकानों को शनिवार और रविवार के दिन खुला रखने की मांग की है। व्यापार मंडल के प्रधान संजय कुमार ने कहा कि दुकानदारों की सहमति से मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। जिसमें शनिवार और रविवार को बाबा बालक नाथ मंदिर के इर्द गिर्द दुकानदारी करने वालों को राहत मिल सके।