हमीरपुर। जीवन है अनमोल अभियान के तहत जिले की 21 हजार महिलाओं का बीमा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत किया जाएगा। इस बीमा की प्रथम वर्ष की प्रीमियम राशि सरकार स्वयं देगी। इसके लिए जिले में चार मई तक विशेष अभियान चलाया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत पंजीकृत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का बीमा किया जाएगा। इन महिलाओं का बीमा खंड स्तर पर बने आईसीआरपी करेंगे। इसके लिए प्रत्येक आईसीआरपी को एक दिन का 500 रुपये भुगतान भी सरकार करेगी।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 12 रुपये वार्षिक प्रीमियम के साथ दो लाख का बीमा होगा और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 330 रुपये वार्षिक प्रीमियम रहेगा। यह प्रीमियम राशि इस वर्ष सरकार स्वयं देगी। जिले के छह विकास खंडों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 21 हजार महिलाओं को इस अभियान के तहत बीमा का लाभ मिलेगा। इसके लिए ग्रामीण विकास अभिकरण की ओर से 20 दिन के भीतर चार मई से पहले 21 हजार महिलाओं का बीमा करने का लक्ष्य रखा गया है। उपनिदेशक एवं पीओ डीआरडीए केडीएस कंवर ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जिले की 21 हजार महिलाओं का बीमा किया जाएगा। इसके लिए चार मई तक खंड स्तर पर आईसीआरपी कार्य करेंगे। प्रथम वर्ष की प्रीमियम राशि स्वयं सरकार देगी।