डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत डिडवीं टिक्कर के तहत गांव डिडवीं में बिजली के तार पर पेड़ गिरने से बिजली सेवा बाधित रही। तीन गांवों के करीब 100 परिवार प्रभावित हुए।
इन गांवों में डिडवीं, पटेरा और उझान गांव शामिल हैं। प्रभावित परिवारों को दैनिक कार्यों को करने में दिक्कत पेश आई। दोपहर करीब तीन बजे बिजली की सेवाएं बहाल हुईं। उसके बाद उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। शनिवार को सुबह करीब नौ बजे डिडवीं गांव में बिजली के तार पर एक पेड़ गिर गया। इस कारण बिजली के तार टूट गए। तार टूटने से तीन गांवों में बिजली सेवा ठप हो गई।
प्रभावित ग्रामीणों की ओर से इसकी सूचना बिजली बोर्ड कर्मियों को दी गई। बिजली बोर्ड कर्मी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य में जुट गए। इस दौरान लोगों को दैनिक कार्य करने में परेशानियां आईं। सर्दियों के मौसम में हीटर, गीजर का प्रयोग किया जाता है, लेकिन बिजली सेवा ठप होने से कई लोगों को बिना नहाए अपने कार्यों को निकलना पड़ा।
करीब तीन बजे बिजली सेवा पुन: सुचारू रूप से बहाल हो पाई। बिजली बोर्ड लंबलू के एसडीओ ज्ञान चंद भाटिया ने बताया कि डिडवीं में तार टूटने से कुछ घंटे बिजली सेवा बंद रही थी। उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य संपूर्ण करके बिजली सेवा बहाल हो गई है।