नादौन (हमीरपुर)। स्थानीय शहर के पत्तन में ब्यास नदी के किनारे मिले जलशक्ति विभाग के कर्मचारी के शव को फॉरेंसिक जांच के लिए हमीरपुर से टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा भेजा। संदिग्ध परिस्थितियों में मिले व्यक्ति के शव को पहले पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। शहर के पत्तन में शनिवार को जब नदी किनारे यह शव मिला था तो शरीर के कुछ भाग काफी गल चुके थे।
इस बीच रविवार सुबह ससुराल पक्ष से कुछ लोग कुलदीप डोगरा के गांव चढूं पहुंच गए। यहां पर कुलदीप के परिवार और ससुराल पक्ष के बीच कुलदीप की मौत को लेकर कहासुनी भी हुई। बात इतनी बढ़ी गई थी कि हाथापाई तक नौबत पहुंच गई। शव को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर माहौल शांत करवाया। दोनों ही पक्ष एक दूसरे को कुलदीप की मौत का कारण बनने का आरोप लगा रहे थे। कुलदीप बुधवार शाम से ही घर से गायब था। उसे ढूंढने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद भी ली थी।
कुलदीप की पत्नी उसके बच्चों सहित काफी समय से अपने मायके में रह रही थी। कुलदीप का बेटा जमा एक व उसकी बेटी सातवीं कक्षा में पढ़ रहे हैं। उधर, इस संबंध में थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने बताया कि मृतक की मौत की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। दोनों पक्षों में शव को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों पक्षों को शांत करवा दिया। मामले की जांच जारी है।