हमीरपुर। नए साल के जश्न पर इस बार पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। नए साल के जश्न में कई वाहन चालक नशे में धुत होकर तेज गति से वाहन दौड़ाते हुए जाते हैं। लेकिन, इस बार ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ जिला पुलिस कार्रवाई करेगी। पुलिस ओवरस्पीड को मापने के लिए डॉप्लर रडार का प्रयोग करेगी। इससे ओवरस्पीड वाहनों पर शिकंजा कसा जाएगा और चालकों पर कार्रवाई होगी। वहीं, नए साल के जश्न में ड्रिंक एवं ड्राइव पर शिकंजा कसने के लिए भी पुलिस विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करेगी।
इसके लिए जगह-जगह नाके लगाकर वाहन चालकों की जांच की जाएगी। नए साल के जश्न के लिए वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं। ऐसे में कई हादसे होने की संभावना बनी रहती है। वहीं, पूर्व में ऐसे कई हादसे हो चुके हैं। इस बार जश्न के दौरान कोई नियमों का उल्लंघन न करे, इसके लिए पुलिस विशेष ध्यान रखेगी। पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने कहा कि पुलिस ओवरस्पीड के लिए डॉप्लर रडार का प्रयोग करेगी। नशे में धुत होकर गाड़ी चलाने वालों के लिए नाके लगाकर कार्रवाई की जाएगी।