भोटा (हमीरपुर)। नगर पंचायत भोटा में सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन 14 उम्मीदवारों ने परचा दाखिल किया। नपं में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों में वार्ड एक से राजो देवी, वार्ड 2 से मीना दुग्गल, वार्ड तीन से विनोद कतना व मीरा कतना और निर्दलीय उम्मीदवार सपना सोनी ने नामांकन भरा।
वार्ड चार से भाजपा समर्थित उम्मीदवार रविंद्र कुमार और अश्वनी सोनी निर्दलीय उम्मीदवार, वार्ड पांच से भाजपा समर्थित संजय धीमान व ज्योति धीमान, वार्ड नंबर छह से भाजपा समर्थित व्यासां देवी व चंद्रशेखर और अमन कुमार ने आजाद उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भरा। वार्ड सात से भाजपा समर्थित उम्मीदवार स्नेहलता और वीना ने आजाद उम्मीदवार के रूप में नामांकन भरे। वहीं, इससे पहले वीरवार व शनिवार के दिन आठ उम्मीदवार अपना नामांकन भर चुके हैं। भाजपा व कांग्रेस और अन्य उम्मीदवारों सहित कुल 23 उम्मीदवार नपं से परचा दाखिल कर चुके हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी नायब तहसीलदार रमेश चंद ने कहा कि सोमवार को 14 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
हमीरपुर के 4 नगर निकायों में कुल 136 नामांकन पत्र
हमीरपुर। जिले के चार नगर निकायों के 34 वार्डों में 10 जनवरी को होने वाले चुनाव के लिए कुल 136 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को 62 पर्चे भरे गए। नगर परिषद हमीरपुर के निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. चिरंजी लाल चौहान ने बताया कि परिषद के 11 वार्डों के लिए कुल 52 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। सोमवार को 23 उम्मीदवारों ने अपने परचे भरे। आखिरी दिन वार्ड नंबर 1, 2 और 7 के लिए एक-एक उम्मीदवार ने, वार्ड नंबर 3 के लिए दो ने, वार्ड नंबर 4 और 10 के लिए तीन-तीन, वार्ड नंबर 6, 8 और 11 के लिए चार-चार उम्मीदवारों ने नामांकन भरा।