संवाद न्यूज एजेंसी
गलोड़ (हमीरपुर)। थाना नादौन के तहत कश्मीर पंचायत में अवैध खनन पर लोगों के रोष पर पुलिस तथा खनन विभाग ने क्षेत्र की मान खड्ड में कार्रवाई की है। मान खड्ड में दो जगहों पर रेत के ढेर लगाने वालों के चालान काटे हैं।
दोनों विभागों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो लोगों को 18 हजार रुपये का जुर्माना किया है। गलोड़ के एक व्यक्ति को दस हजार और कश्मीर निवासी को आठ हजार रुपये का जुर्माना किया है।
इस दौरान डीएसपी नादौन सहित खनन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बीते दिन ग्राम पंचायत कश्मीर के चार गांवों में नुग्रां, कश्मीर, सदोह तथा तूणी गांव के लोगों ने एकजुटता का प्रमाण देते हुए अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा खोला था। उन्होंने बताया कि मान खड्ड के अवैध खनन से जलस्तर गिर रहा है तथा इनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं।
एक तरह जहां प्रशासन बरसात में खड्डों से दूरी बनाए रखने की अपील कर रहा है, तो वहीं अवैध खनन को अंजाम देने वाले बेखौफ है। विभागों की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत महसूस की है। वहीं, सेवानिवृत्त कप्तान बलबीर ने बताया कि पुलिस की इस कार्रवाई से खुश हैं। पुलिस को ऐसा अभियान जारी रखना होगा।
उधर, डीएसपी नादौन प्रताप सिंह ने बताया कि कश्मीर क्षेत्र में पहुंचकर अवैध खनन सामग्री को डंप करने वाली दो पार्टियों के चालान किए गए हैं।