लोनिवि कालोनी में प्लास्टिक की सीवरेज पाइप लाइन को उखाड़ने में लगी जेसीबी। संवाद
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। सरकारी आवासीय कॉलोनी हमीरपुर में करीब 25 लाख रुपये से सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के काम में हुई गड़बड़ी को दुुरुस्त करने का काम शुरू हो गया। बीते माह बिछाई प्लास्टिक की सीवरेज पाईप को सोमवार को संबंधित ठेकेदार ने जेसीबी लगाकर उखाड़ दिया। अब प्लास्टिक की जगह डीआई (डक्टाईल आयरन) की पाइप बिछाई जाएगी। हालांकि इस मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने भी अपने स्तर पर जांच की, लेकिन विजिलेंस को इस मामले में कामयाबी नहीं मिली। ठेकेदार ने प्लास्टिक पाइप को उखाड़कर डीआई पाइप बिछाकर इस मामले पर पर्दा डाल दिया है। इस मामले की पूरे शहर में खूब चर्चा है। इस मामले में संबंधित विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है।
लोक निर्माण विभाग ने बीते माह सरकारी आवासीय कॉलोनी में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का टेंडर किया था। टेंडर की शर्तों के अनुसार सीवरेज के लिए डीआई पाइप का इस्तेमाल होना था, लेकिन ठेकेदार ने प्लास्टिक की पाइप बिछा दी। ठेकेदार को संबंधित कार्य के लिए भुगतान भी हो गया। कुछ दिनों के बाद ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग के एक कर्मचारी के बीच झगड़ा हो गया। ठेकेदार ने ही अधिशासी अभियंता से इसकी शिकायत कर दी। अमर उजाला ने 6 जुलाई 2022 के अंक में इस मामले को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद आगामी कार्रवाई शुरू हुई।
एक्सईएन ने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और रिकवरी की बात कही। इस पर ठेकेदार ने एक माह पहले बिछाई प्लास्टिक की सीवरेज पाइप को उखाड़ दिया है। अब यहां पर डीआई पाइप बिछाई जा रही है।
उधर, एक्सईएन विवेक शर्मा ने कहा कि ठेकेदार ने अपनी गलती को सुधारते हुए प्लास्टिक की सीवरेज पाइप को निकाल लिया है। अब यहां पर डीआई पाइप का इस्तेमाल किया जा रहा है।
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो हमीरपुर के डीएसपी लालमन शर्मा ने कहा कि इस मामले में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से पूछताछ की गई है। कुछ रिकॉर्ड भी जांचा गया है, लेकिन अभी तक तक कुछ भी सामने नहीं आया।