हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट दगनेड़ी के ठेकेदार का टेंडर नगर परिषद हमीरपुर ने रद्द कर दिया है। ठेकेदार समय पर सफाई कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नहीं कर रहा था। इसके चलते सफाई कर्मचारियों को खाने के भी लाले पड़ गए थे। हाल ही में ठेकेदार ने सफाई कर्मचारियों को ठेकेदार ने तीन माह का वेतन नहीं दिया। वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों ने ट्रीटमेंट प्लांट के पास प्रदर्शन भी किया। वहीं, पूर्व में भी इन कर्मचारियों को समय पर वेतन व राशन नहीं दिया जा रहा था। जिसके चलते एक बार पहले भी कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर काम का बहिष्कार किया था। इन कर्मचारियों ने अपने गहने किराना दुकान पर गिरवी रखकर राशन खरीदना पड़ा है।
दगनेड़ी ट्रीटमेंट प्लांट पर पूरे शहर के कचरे का निष्पादन किया जाता है। यहां गीले व सूखे कूड़े का अलग-अलग निष्पादन किया जाता है। वहीं, प्लास्टिक का निपटान भी अलग होता है। इस सारी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए नगर परिषद ने ठेकेदार के माध्यम से सफाई कर्मचारी तैनात किए हैं। लेकिन, यहां तैनात कर्मचारियों को बार-बार वेतन के लिए परेशान होना पड़ता है। इस ट्रीटमेंट प्लांट पर एक दर्जन कर्मचारी कार्यरत हैं व पूरे शहर की गंदगी का निष्पादन करते हैं। ठेकेदार को बीते अगस्त में ही यह टेंडर मिला है। कायदे से यह जुलाई 2021 में खत्म होना था, लेकिन अनियमितताओं के चलते इसे पांच माह बाद ही रद्द कर दिया गया है। उधर, नगर परिषद आगामी समय में ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मचारियों की संख्या को भी बढ़ाएगा। इस संबंध में कार्यकारी अधिकारी नप हमीरपुर केएल ठाकुर ने कहा कि ठेकेदार का टेंडर रद्द कर दिया गया है। जनवरी में नया टेंडर जारी किया जाएगा। ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।