संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के छतोली गांव में आम के पेड़ से गिरकर साठ वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति आचार के लिए आम लाने के लिए अपने रिश्तेदारों के यहां गया था।
पेड़ पर से आम उतारते वक्त व्यक्ति अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बिझड़ी से संबंध रखने वाला बलबीर सिंह (60) पुत्र पुरषोत्तम चंद सोमवार को आचार वाले आम लाने के लिए अपने साढ़ू के पास छतोली गांव गया था। यहां उनके आम के पेड़ पर चढ़ा और आम तोड़ते समय करीब पच्चीस फीट की ऊंचाई से अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया।
रिश्तेदार और ग्रामीण उसे स्थानीय बड़सर अस्पताल ले आए, लेकिन यहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।
शिमला ले जाते हुए व्यक्ति ने रास्ते में दम तोड़ दिया। व्यक्ति निजी फैक्ट्री से सेवानिवृत्त होकर अब घर पर ही रहता था। उसके दो बेटे हैं, जिनमें से एक की शादी हो गई है। पुलिस उपाधीक्षक बड़सर शेर सिंह ठाकुर ने कहा कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।