युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए मुख्यमंत्री ने उठाए हैं सख्त और प्रभावी कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
भोटा (हमीरपुर)। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने कहा कि नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक बड़ी जंग का एलान किया है। समाज के सभी वर्गों और विशेषकर युवाओं को इस जंग में सक्रिय योगदान देना चाहिए ताकि हिमाचल प्रदेश को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जा सके। सोमवार को निजी कॉलेज में आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नरेश ठाकुर ने यह अपील की।
नशे के कारोबार और सेवन में संलिप्त लोगों की सूचना टॉल फ्री नंबर 112 पर या ड्रग फ्री हिमाचल एप पर दी जा सकती है। इन पर सूचना देने वाले लोगों के नाम पूरी तरह गुप्त रखे जाते हैं। चिट्टे के तस्करों की सूचना देने वाले लोगों के लिए मुख्यमंत्री ने 10 हजार से 10 लाख रुपये तक के पुरस्कारों की घोषणा की है।
जोल सप्पड़ में बन रहे मेडिकल काॅलेज के नए परिसर में मुख्यमंत्री ने एक बहुत बड़े नशा निवारण केंद्र की स्थापना का निर्णय भी लिया है, जिसके लिए अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। नरेश ठाकुर ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए मुख्यमंत्री ने इस बार बजट में विशेष रूप से खेल गतिविधियों के लिए 12 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। इस अवसर पर नशा निवारण बोर्ड के बीओडी सदस्य रूबल सिंह ठाकुर ने अपने विचार रखे। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राज धीमान ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया।