एनएच कंपनी के खिलाफ की नारेबाजी, बोले- 24 घंटे में पाइप नहीं जुड़ी तो होगा चक्का जाम
बोले, एक महीने में सही नहीं हुई एनएच निर्माण कार्य के दौरान टूटी लाइन
विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की टीम भी मौजूद रही, एक घंटे तक चली दोनों पक्षों में बहस
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीपुर)। एक माह से पानी की समस्या से गुस्सा टौणी देवी कस्बे की टपरे पंचायत के छह गांवों के लोग सोमवार को सड़क पर उतर आए। लोगों का आरोप है कि एनएच निर्माण के दौरान एक माह से पेयजल लाइन टूटी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
इस दौरान लोगों ने एनएच निर्माण कार्य कर रही कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। यहां तक कि लोगों ने चक्का जाम करने की चेतावनी भी दे डाली। लोगों का कहना है कि एनएच निर्माण के दौरान टौणी देवी में पानी का पाइप एक माह पहले टूट गया है। इस कारण पंचायत के करीब छह गांव पेयजल संकट से गुजर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान टौणी देवी पुलिस चौकी की टीम भी मौजूद रही।
इस दौरान एनएच निर्माण कंपनी के पानी विंग के इंचार्ज इंजीनियर अनय सिंह भी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच एक घंटा बहसबाजी होती रही। एनएच निर्माण कंपनी के पानी विंग के इंचार्ज इंजीनियर अनय सिंह ने कहा कि सड़क की खोदाई पूर्ण होने के बाद सोमवार शाम तक पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। टपरे पंचायत की पूर्व प्रधान रजनीश कुमारी चौहान ने बताया कि यदि 24 घंटे के अंदर टूटे पेयजल पाइप नहीं जोड़े गए तो मंगलवार को टौणी देवी में चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया है कि निर्माण कंपनी ने टपरे क्षेत्र के श्मशानघाट की सड़क को भी मलबा फेंककर बंद कर दिया है। बार-बार कहने पर भी मलबा नहीं उठाया जा रहा है। अब मजबूरन एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। इस मौके पर विक्रम सिंह, ओम प्रकाश, जसवंत सिंह, विजय, त्रिलोक, कमला, मनोरमा, अनीता देवी मौजूद रही।