पंजाब के मुकेरियां में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए पूर्व विधायक राजेंद्र राण
हमीरपुर। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने पंजाब के मुकेरियां (होशियारपुर) में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर गगरेट के पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रहे।
यह कार्यक्रम हिमाचली मूल के लोगों द्वारा संचालित हिम मित्र मंडल एवं डोगरा सोशल वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। राजेंद्र राणा ने बताया कि यह अत्यंत गौरव और प्रसन्नता की बात है कि पंजाब में निवास कर रहे हिमाचली मूल के लोग आज भी अपनी सांस्कृतिक परंपराओं, लोक संस्कृति और धरोहर को पूरी निष्ठा के साथ संजोकर रखे हुए हैं। हिमाचली समाज की ओर से उन्हें जो स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद मिला है, उसके लिए वह हृदय से आभारी हैं।
राणा ने समाजसेवी कार्यों को प्रोत्साहित करते हुए अपनी ओर से 21,000 रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा 15 जनवरी को सुजानपुर के ऐतिहासिक मैदान में आयोजित किए जा रहे सेना दिवस व ट्रस्ट के वार्षिक समारोह में पधारने का निमंत्रण भी दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक जंगी लाल महाजन, गगरेट के पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा, सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक राणा, ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष व कार्यकारी अध्यक्ष, सुजानपुर मंडल लेखराज ठाकुर आदि मौजूद रहे।