लदरौर (हमीरपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के पठानकोट डिपो की बस वीरवार को नहीं चलने से लदरौर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह 9:40 बजे लदरौर से पटटा, बलोखर, टाऊन, भराड़ी, रूथानी और कोठी होकर शिमला से पठानकोट जाने वाली बस के न पहुंचने से दर्जनों यात्री घंटों बस स्टैंड पर इंतजार करते रहे। बस सेवा ठप होने का सबसे अधिक असर उन मरीजों पर पड़ा, जो राधास्वामी अस्पताल भोटा और हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार करवाने और दवाइयां लेने जा रहे थे।
मरीजों के साथ आए तीमारदारों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, छुट्टियों के बाद ड्यूटी पर लौट रहे भारतीय सेना के जवानों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
बस न आने के कारण कई मरीजों को मजबूरी में महंगे निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा, जिससे उनके खर्च पर अतिरिक्त बोझ पड़ा। स्थानीय यात्रियों कुशल शर्मा, रमेश, सुरजीत सिंह, विमला देवी और चंपा देवी ने कहा कि बस सेवा बाधित होने से उन्हें खासी परेशानी हुई।
उन्होंने कहा कि इस रूट पर नियमित बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण आए दिन ऐसी स्थिति पैदा होती है। यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि इस रूट पर रोजाना बस सेवा सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न झेलनी पड़े।
कोट
यह बस पठानकोट डिपो ही है। इसके बारे वहीं से जानकारी मिल सकती है।
-राहुल शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर