लदरौर (हमीरपुर)। भोरंज के लिए लदरौर से वाया खुथड़ी बस सुविधा न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस सुविधा न होने के कारण लोगों को बस्सी, भोरंज पहुंचने के लिए दस किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि लदरौर से भोरंज बस्सी के लिए वाया खुथड़ी बस सुविधा न होने के कारण लोगों को बस लेने के लिए पट्टा पहुंचना पड़ता है तथा वहां से दूसरी बस बस्सी के लिए लेनी पड़ती है। इससे सबसे अधिक परेशानी भौंखर पंचायत के खुथड़ी, साहरवीं, लठवान, मंढेतर, द्रूण गांव के लोगों को उठानी पड़ती है।
लोगों का कहना है कि खुथड़ी और अन्य गांव के लोगों को टैक्सी करके पहले लदरौर पहुंचना पड़ता है और फिर लदरौर से बस लेनी पड़ती है। अगर लदरौर न जाना हो तो बस्सी के लिए कोई सुविधा नहीं है। इससे लोगों को केवल टैक्सी का ही सहारा है जो उनकी जेब पर भारी पड़ती है। लोगों का कहना है कि इस रूट पर अगर बस चलाई जाती है, तो भोरंज में पढ़ने के लिए जाने वाले स्कूल व कॉलेज विद्यार्थियों, कर्मचारियों को काफी राहत मिलेगी।
स्थानीय ग्रामीणों सुरेश कुमार, विपन, कमलेश कुमार, अजित सिंह, सुमना देवी, रीना देवी व अंजना कुमारी का कहना है इस रूट पर हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बस सुबह आठ बजे चलाई जाए, ताकि मरीजों, बुजुर्गों, कर्मचारियों व विद्यार्थियों को राहत मिल सके।
वहीं, क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि लोगों को पंचायत के माध्यम से प्रस्ताव एचआरटीसी प्रबंधन को भेजना चाहिए। इसे निदेशालय शिमला को भेजा जाएगा। निदेशालय से मंजूरी मिलने के बाद ही इस रूट पर बस चलाई जा सकेगी।