अभी तक 32 में से सात किलोमीटर में ही हटाई गई है बर्फ
आवाजाही के लिए लोगाें को आ रही मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। मयाड़ संपर्क सड़क की बहाली में हो रही देरी पर लोगों में नाराजगी है। खंजर तक 32 किमी लंबी सड़क में से अभी तक शकोली नाला तक यातायात के लिए बहाल हुई है। अभी सात किलोमीटर क्षेत्र में ही बर्फ हटाई गई है। अभी भिंगी, तमलू और शिली तीन नालों में गिरे ग्लेशियर को काटकर सड़क बहाल करने में समय लगेगा। मयाड़ घाटी के लोगों ने लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया है कि मयाड़ संपर्क सड़क की बहाली के कार्य में तेजी लाई जाए। सड़क अंतिम गांव खंजर तक बहाल न होने से लोगों को उदयपुर आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं।
मयाड़ में चिमरेट पंचायत प्रधान प्रेम दासी ने कहा कि विभाग का सुस्त रवैये का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। शकोली नाला से आगे भिंगी, तमलू, और शिली तीन और नाले हैं, जहां ग्लेशियर गिरे हुए हैं। ऐसे में लोग असमंजस में है कि आखिर कब तक खंजर तक सड़क यातायात के लिए बहाल होगी। तिंगरेट और चिमरेट पंचायतों के लोगों को सड़क बहाली का इंतजार है। लाहौल से कुल्लू के बीच बसों की आवाजाही शुरू हो गई है, लेकिन मयाड़ संपर्क सड़क यातायात के लिए अब तक बहाल नहीं हो पाई है। लोक निर्माण विभाग चिनाव मंडल उदयपुर के अधिशासी अभियंता पवन राणा ने कहा कि शकोली नाला में भारी हिमखंड गिरा है, जिसे हटाने में समय लग रहा है। सड़क बहाली के कार्य में तेजी लाई जाएगी।