हिम-आंचल पेंशनर्ज संघ हमीरपुर जिला इकाई की बैठक में मौजूद पदाधिकारी व सदस्य। स्रोत : संघ
हिम-आंचल पेंशनर्ज संघ की हमीरपुर जिला इकाई की बैठक में मांगों, समस्याओं पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिम-आंचल पेंशनर्ज संघ हमीरपुर की जिला इकाई की सत्र 2025-27 की प्रथम मासिक बैठक प्रधान केसी गौतम की अध्यक्षता में पेंशनर भवन हमीरपुर में हुई। बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों और समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। पेंशनरों ने महंगाई भत्ता की तीन प्रतिशत किस्त जून में देने की सरकार की घोषणा को वरिष्ठ नागरिकों (पेंशनर्ज) के साथ अन्याय बताया है। जुलाई 2023 और जनवरी 2024 की देय महंगाई भत्ता की 4-4 प्रतिशत की किस्तें जारी न कर जुलाई 2024 से देय तीन महंगाई भत्ता की किस्त देने की घोषणा से कर्मचारियों एवं पेंशनरों के प्रति सरकार की उदासीनता दर्शाती है। इस कारण सदस्यों में नाराजगी है।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष योग राज शर्मा ने कहा कि प्रदेश इकाई का चुनाव दो जुलाई को पेंशनर भवन हमीरपुर में होगा। उन्होंने बताया कि जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी, कम्युटेशन, लीव-एनकैशमेंट आदि का दस से 20 लाख का बकाया सरकार के पास लंबित है। चिकित्सा बिलों का समय पर भुगतान न होना, महंगाई भत्ता की तीन देय किस्तें जारी न करने आदि मुद्दे लंबे समय से सरकार दबाए बैठी है। इस मौके पर जिला प्रधान केसी गौतम ने खंड इकाई के मुखियों से पेंशनरों के हितकारी कार्यक्रम तैयार करने और संघ गतिविधियों में और सुधार लाने के लिए सुझाव मांगे गए। उन्होंने पेंशनरों को जीवित प्रमाण पत्र की जानकारी दी। पेंशनरों की लंबित मांगों के बारे में सदस्यों के विचारों का समर्थन करते हुए प्रदेश इकाई से कड़े कदम उठाने का आग्रह किया गया।इस दौरान जिला महासचिव शंभू राम जसवाल, दीप चंद शर्मा, प्रेम चंद शर्मा, हेम राम शर्मा, रोशन लाल पटियाल आदि मौजूद रहे।