सीडीपीओ कार्यालय परिसर में चार जुलाई को होंगे साक्षात्कार
18 से 35 आयु वर्ग की महिला अभ्यर्थी पदों के लिए कर सकेंगी आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। बाल विकास परियोजना सुजानपुर के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों के लिए 30 जून तक सीडीपीओ कार्यालय सुजानपुर में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सीडीपीओ कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत बनाल के आंगनबाड़ी केंद्र घिरथोली में कार्यकर्ता का एक पद बैरी, चमियाणा-दो, बधरियाणा, ख्यूंद और पटलांदर के चमारडी में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा। इन पदों के लिए आवेदक महिला बारहवीं पास होनी चाहिए और 30 जून 2025 को उसकी आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उसका नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के तहत आने वाले क्षेत्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए और सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक न हो। आय के संबंध में तहसीलदार, नायब तहसीलदार या कार्यकारी दंडाधिकारी की ओर से जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद के लिए यदि कोई कार्यरत सहायिका आवेदन करती है तो ऐसी स्थिति में आवेदक को आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में मिलने वाले मानदेय की गणना परिवार की वार्षिक आय में नहीं की जाएगी। सीडीपीओ ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया कुल 25 अंकों के आधार पर होगी। इसमें शैक्षणिक योग्यता के लिए अधिकतम 10 अंक रखे गए हैं। सहायिका, मिनी कार्यकर्ता, बाल सेविका, बालबाड़ी अध्यापिका, नर्सरी टीचर, उसी पंचायत में कार्यरत सिलाई अध्यापिका या शिशु पालक के रूप में अनुभव के लिए अधिकतम 3 अंक दिए जाएंगे। 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता के लिए दो अंक, एससी, एसटी और ओबीसी के अभ्यर्थी को 2 अंक मिलेंगे। बालिका आश्रम की प्रवासिनी और एकल नारी के लिए 3 अंक, केवल दो बेटियों तक सीमित परिवार से संबंध रखने वाली अविवाहित प्रत्याशी या केवल दो बेटियों की माता होने के लिए 2 अंक और साक्षात्कार के तीन अंक निर्धारित किए गए हैं। उम्मीदवारों के साक्षात्कार 4 जुलाई को सुबह 10 बजे सीडीपीओ कार्यालय सुजानपुर में होंगे। किसी भी आवेदक को अलग से कोई बुलावा पत्र नहीं भेजा जाएगा। चयन प्रक्रिया संबंधी जानकारी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र, महिला मंडल, ग्राम पंचायत, ग्राम पंचायत सदस्य तथा खंड विकास समिति के सदस्य के पास भी उपलब्ध रहेगी। अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय में या दूरभाष संख्या 01972-294645 पर संपर्क किया जा सकता है।