जिला के 49 लोकमित्र केंद्रों में अब माइक्रो एटीएम की सुविधा मिलेगी। लोकमित्र केंद्रों पर ही अब माइक्रो एटीएम से धन निकाला जा सकेगा। लोकमित्र केंद्रों को मशीन सौंपी जा चुकी है। जल्द ही लोगों को नजदीकी केंद्रों पर सुविधा मिलेगी।
लोकमित्र केंद्र में माइक्रो एटीएम मशीन का लाभ पेंशनरों को होगा। उन्हें घर द्वार पेंशन मिल जाएगी।
इससे बार-बार बैंक के चक्कर काटने से निजात मिलेगी। साथ ही, केंद्र पर रुपये निकलवाने और जमा करवाने की सुविधा भी दी जा रही है। माइक्रो एटीएम से सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के एटीएम से रुपये निकलवाए जा सकेंगे। ग्राहक को पीएनबी बैंक की रसीद भी इसी मशीन से मिल जाएगी।
पंजाब नेशनल बैंक ग्राहकों को माइक्रो एटीएम की सुविधा प्रदान कर रहा है। एलडीएम संजीव शर्मा ने बताया कि जिला के सरेड़ी, मक्कड़, नादौन, बेेला, सुजानपुर, बड़सर, भोरंज, बमसन, टौणी देवी और हमीरपुर के समस्त लोकमित्रों को प्रशिक्षण के बाद माइक्रो एटीएम मशीन दी गई है। यह मशीन बायोमिट्रिक प्रणालीयुक्त है। हाथ की अंगुली लगाने पर भी यह किसी व्यक्ति को पहचान सकती है। बैंक मित्र लोगों को निकाली गई राशि अपनी जेब से देगा। गड़बड़ी की आशंका न के बराबर होगी।
माइक्रो एटीएम मशीन की सुविधा लोकमित्र केंद्रों पर मिलेगी। बूढ़े पेंशनरों को इस मशीन का अधिक लाभ मिलेगा। उन्हें पेंशन लेने के लिए बैंक के चक्कर काटने से निजात मिलेगी।
- सुबोध काला, मंडलीय प्रबंधक, पीएनबी