हमीरपुर में मांगों को लेकर प्रदर्शन करती एचआरटीसी के पीस मील वर्कर्स।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम के पीस मील कर्मचारियों की टूल डाउन हड़ताल बुधवार को तीसरे दिन में प्रवेश कर गई है। इस दौरान इन कर्मचारियों ने एचआरटीसी कार्यशाला के बाहर प्रदर्शन किया और सरकार से इन्हें अनुबंध पर लाने की मांग की। इस हड़ताल की वजह से हमीरपुर डिपो की आधा दर्जन बसों की ब्रेकडाउन हो गई है। हमीरपुर से हरिद्वार और हमीरपुर से दिल्ली रूट पर जाने वाली बसें बीच रास्ते में खड़ी हैं। जबकि चार अन्य लोकल रूटों पर बसें जगह-जगह खड़ी हो गई हैं। जिसके चलते जहां यात्रियों को खासी परेशानी हुई, वहीं परिवहन निगम को भी घाटे का सामना करना पड़ रहा है। बसों की मरम्मत करने वाले नहीं मिल रहे।
पीसपील कर्मचारी संघ हमीरपुर के प्रधान अश्वनी कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की सरकार के साथ ही पहले की बातचीत के दौरान आश्वासन दिया गया था कि उन्हें अनुबंध पर लाने के लिए नीति बनाई जाएगी। इसके लिए 25 नवंबर तक का समय भी दिया गया था, लेकिन 25 नवंबर तक नीति न बनने के बाद अब पीस मील वर्करों ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। इन कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। पीस मील कर्मचारियों ने सोमवार को अपना काम बंद रखा और कर्मचारियों ने ड्यूटी समय में कार्यालय के बाहर नारेबाजी व प्रदर्शन किया। प्रधान ने कहा कि जब तक सरकार उन्हें अनुबंध पर लाने की पॉलिसी नहीं बनाती, कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। पूरे हिमाचल में 933 पीस मील कर्मचारी हैं, जिनमें 410 कर्मचारियों को अनुबंध पर लेकर नियमित कर लिया गया है। ऐसे में कुछ कर्मचारियों के साथ सरकार और प्रबंधन सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। इस प्रदर्शन के दौरान सचिव राजेश शुक्ला, सह सचिव नितिन परमार, उपप्रधान संजय कुमार, मीडिया प्रभारी सतीश कुमार सहित 39 पीस मील कर्मचारी मौजूद रहे।
उधर, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के डीडीएम विवेक लखनपाल ने बताया कि पीस मील कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आधा दर्जन बसों की ब्रेकडाउन हुई है। हरिद्वार और दिल्ली के रूटों पर जाने वाली बसें खराब हुई हैं।