हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी पर्ची शुल्क के 10 रुपये भुगतान की व्यवस्था मरीजों और तीमारदारों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। पर्ची शुल्क के लिए ऑनलाइन या डिजिटल भुगतान की सुविधा न होने के कारण मरीजों को काउंटर पर खुले पैसे जुटाने पड़ रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में रोजाना करीब 1500 से 2000 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। मरीजों प्रदीप, अमित, कपिल और राजेश ने बताया कि आज छोटे दुकानदार भी यूपीआई और क्यूआर कोड से भुगतान स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेज में 10 रुपये की पर्ची के लिए भी नकद भुगतान पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
काउंटर पर भीड़ के दौरान खुले पैसे की समस्या से मरीजों को अतिरिक्त समय लग रहा है। मरीजों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से पर्ची शुल्क के लिए जल्द यूपीआई, क्यूआर कोड सहित अन्य डिजिटल भुगतान सुविधा शुरू करने की मांग की है।
कोट
फिलहाल मेडिकल कॉलेज में ओपीडी पर्ची शुल्क के ऑनलाइन भुगतान की सुविधा नहीं है। जल्द ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
-डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर