हमीरपुर। सिंथेटिक ग्राउंड अणु में रविवार को 10वीं राज्य स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में पे-बैक टू स्टेट हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष ओंकार सिंह भाटिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता की 200 मीटर दौड़ के टी-20 सीनियर वर्ग में मंडी के धोनी चंद ने स्वर्ण, कांगड़ा के पंकज ने रजत और हमीरपुर के सुप्रभ ने कांस्य पदक जीता। टी-20 जूनियर वर्ग की 400 मीटर दौड़ में कांगड़ा की मालवी प्रथम, दिव्या द्वितीय और दिया तृतीय स्थान पर रहीं।
टी-42 एवं टी-44 वर्ग की शॉटपुट स्पर्धा में निखिल ने स्वर्ण, अक्षत ने रजत और आदर्श ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, एफ-40 एवं टी-41 वर्ग में हमीरपुर के आदर्श ने स्वर्ण, दिलीप सिंह ने रजत और शिमला के संजीव ने कांस्य पदक जीता।
मुख्य अतिथि ओंकार सिंह भाटिया ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाएं और उचित मंच उपलब्ध करवाना जरूरी है। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने किया था।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा था कि दिव्यांगता प्रतिभा और सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। इस मौके पर प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव ललित ठाकुर, व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के संस्थापक राजन कुमार, जिला हमीरपुर पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रविकांत शर्मा, महासचिव सफल डोगरा, कोषाध्यक्ष सुनीता और संतोष वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।