फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: पंचायत सचिवों की उठापटक शुरू, छुट्टी के दिन तबादला आदेश रद्द

विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में पंचायत सचिवों की उठापटक शुरू हो चुकी है। इसका सबसे अधिक खामियाजा महिला पंचायत सचिवों को भुगतना पड़ रहा है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं एडीसी हमीरपुर मनेश कुमार यादव के कार्यालय से बीते 6 नवंबर 2023 को हमीरपुर की पांच विभिन्न ग्राम पंचायतों के सचिवों के तबादले किए गए।
विज्ञापन

इन तबादला आदेशों के जारी होने के बाद खंड विकास अधिकारी हमीरपुर हिमांशी शर्मा ने 7 नवंबर को ग्राम पंचायत फरनोल की पंचायत सचिव विंतो कुमारी और ग्राम पंचायत बजूरी की सचिव अंकिता कुमारी को कार्यभार मुक्त करने और नई पंचायत में कार्यभार संभालने के लिखित में आदेश जारी किए। इन आदेशों के तहत 9 नवंबर को विंतो कुमारी ने ग्राम पंचायत बजूरी, जबकि अंकिता कुमारी ने ग्राम पंचायत गसोता में कार्यभार संभाला। पंचायत सचिवों ने अपनी-अपनी पंचायत में ग्राम सभाओं का आयोजन भी किया, लेकिन अब अचानक 11 नवंबर की तारीख में विंतो कुमारी, अंकिता कुमारी और मनोहर लाल महज तीन पंचायत सचिवों के तबादला आदेश रद्द कर दिए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि 11 नवंबर को महीने का दूसरा शनिवार होने के चलते सार्वजनिक अवकाश था। ऐसे में तबादला रद्द करने के आदेश जारी होने से तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। वहीं, बार-बार तबादला और फिर तबादले रद्द होने से जहां जिला परिषद कैडर के ये कर्मचारी (सचिव) परेशान हैं, वहीं इन पंचायतों में विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

इन आठ पंचायत सचिवों के तबादले

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं एडीसी हमीरपुर मनेश कुमार यादव के कार्यालय से पंचायत सचिव मनोहर लाल का ग्राम पंचायत अणु कलां से गसोता के लिए, विंतो कुमारी का ग्राम पंचायत फरनोल से बजूरी, अंकिता कुमारी का ग्राम पंचायत बजूरी से बरोहा, महेंद्र कुमार का ग्राम पंचायत डिडवीं टिक्कर से धलोट के लिए, राजकुमार का समेला से महारल के लिए, अमित कुमार का घोड़ी धीवीरी से ज्योली देवी के लिए, पंजाब सिंह का समताना कलां से महारल और निशा कुमारी का कोहडरा से धबड़ियाना के लिए तबादला हुआ था।
विज्ञापन



हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में पक रही राजनीतिक खिचड़ी
विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर में सत्ता परिवर्तन के बाद राजनीतिक खिचड़ी पक रही है। जिसका खामियाजा सरकारी कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। पूर्व में यहां शिक्षकों के तबादले भी सुर्खियों में रहे थे। बीते माह यहां करीब आधा दर्जन शिक्षकों के तबादले हुए, लेकिन अगले ही दिन यह तबादला आदेश रद्द हो गए। इसके चलते शिक्षकों को दोबारा अपने-अपने स्कूलों में लौटना पड़ा था। इस विस क्षेत्र में कांग्रेस नेताओं में लंबी खींचतान चल रही है। इससे लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी नुकसान हो सकता है।



ब्लॉक के तहत कुछ पंचायत सचिवों के पूर्व में तबादले हुए थे, लेकिन बाद में यह तबादला आदेश रद्द हुए हैं। इसके चलते अब संबंधित पंचायत सचिवों को पुराने स्टेशनों पर ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। किन कारणों से यह तबादला आदेश रद्द हुए इस बारे में उच्चाधिकारी ही बता सकते हैं।
विज्ञापन


-हिमांशी शर्मा, खंड विकास हमीरपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें