संवाद न्यूज एजेंसी
रंगस(हमीरपुर)। नादौन और जोलसप्पड़ क्षेत्र में क्रशर उद्योग से जाने वाली ओवरलेड और ओवर स्पीड गाड़ियों से रेत-बजरी सड़क पर गिर रहा है। इससे दोपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे है।
इन जगहों में दिन-रात माइनिंग कर टिपर रेत और बजरी ढो कर अपना काम धंधा तो खूब कर रहे हैं, लेकिन ओवरलोड व ओवर स्पीड की वजह से जो सामग्री सड़क पर बिखर रही है, उससे प्रशासन बेखबर बना हुआ है।
इस संबंध में ग्रामीणों में अनिरुद्ध ठाकुर, शिवेश व सुनील कुमार आदि ने कहा कि हर दिन टिपर रेत-बजरी ढोने का काम तो करते हैं, लेकिन यातायात नियमों का पालन नहीं करते। ओवर स्पीड की वजह से पैदल चलने वाले राहगीरों को जान का खतरा रहता है।
वहीं, ओवरलोड होने की वजह से बजरी सड़क पर गिर रही है, जिससे रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। दोपहिया वाहन चालक रोजाना यहां पर हादसे का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि यातायात पुलिस इसके लिए इन क्षेत्रों में निरंतर गश्त करे और ऐसे वाहन चालकों का चालान काट कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में किसी भी बड़े हादसे को होने से टाला जा सके।
वहीं, पुलिस थाना प्रभारी नादौन निर्मल सिंह ने कहा कि पुलिस समय-समय पर गश्त करती है और नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।