मुख्याध्यापक ऑफिसर कैडर एसोसिएशन ने कोटा वाइज तैयार पैनल से पदोन्नति करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मुख्याध्यापक ऑफिसर कैडर एसोसिएशन ने प्रेस बयान में कहा कि शिक्षा उप निदेशकों की तैनाती में कोटे और पदोन्नति नियमों की अनदेखी हुई है। इसका वे विरोध करते हैं। संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रतन वर्मा एवं प्रदेश महासचिव केवल ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में शिक्षा उपनिदेशकों के मुख्याध्यापक कोटे से 25 पद रिक्त हैं जबकि प्रवक्ता कोटे के रिक्त छह पदों को भर दिया गया है। इन छह पदों पर लगाए गए शिक्षा उपनिदेशकों में भी नियमों को ताक पर रखा गया है।
इनमें से तीन प्रधानाचार्य ऐसे हैं जो दो माह के अंतराल के बाद सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जबकि नियमानुसार 57 वर्ष से अधिक आयु वाला प्रधानाचार्य शिक्षा उपनिदेशक नहीं बन सकता। उनकी तैनाती में वरिष्ठता को भी दरकिनार किया गया है। जिन प्रधानाचार्यों को शिक्षा उपनिदेशकों का कार्यभार सौंपा गया है उनमें से कुछ अपने जिले में वरिष्ठता पर तीसरे या चौथे नंबर पर थे। उन्होंने पदों पर तैनाती, भर्ती और पदोन्नति नियमों के आधार पर कोटा वाइज तैयार पैनल से करने की मांग की।