बड़सर(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत दांदडू के ग्रामीणों ने पंचायत भवन को शिफ्ट करने का विरोध जताया है। एक सप्ताह पूर्व पंचायत की ओर से कार्यालय को अन्य भवन में शिफ्ट कर दिया गया। ऐसे में लोगों ने पंचायत के इस फैसले का विरोध किया है।
ग्रामीणों में वेद प्रकाश, गोरख सिंह, शशिपाल, राकेश कुमार, सुखदेव, ओम प्रकाश, सुभाष आदि ने कहा कि वर्ष 1957 में पंचायत भवन का निर्माण किया गया था और तब से लेकर अब तक पंचायत कार्यालय यहीं से चल रहा था, 2002 में इसे पक्का कर नए कमरे जोड़े गए, वहीं 2010 में इस भवन में दीवार पर एक दरार आ गई थी, लेकिन तब से लेकर अब तक ये कार्यालय यहीं चलाया जा रहा है, अगर खतरे को देखते हुए इसे खाली करना ही था तो लोगों की राय लेनी चाहिए थी।
वहीं, इसे दो किलोमीटर दूर शिफ्ट करने की बजाय वर्तमान भवन के आसपास ही किसी किराये के भवन में चलाए जाने की क्या जरूरत है। उन्होंने कहा कि पंचायत की ओर से उन्हें इसकी कोई सूचना नहीं दी गई और न ही इस विषय पर कोई आम सभा का आयोजन किया गया। वहीं, अब जिस जगह पुराना पंचायत भवन स्थित है। वहीं, पर पटवारखाना, डिस्पेंसरी और राशन सोसायटी है। ऐसे में पंचायत के कार्य करवाने के लिए उन्हें जगह-जगह भटकना पड़ रहा है।
कोट
पंचायत सचिव ने इस विषय में जानकारी दी है। प्रस्ताव भी उनके कार्यालय तक पहुंचाया है। सुरक्षा को देखते हुए पुराने भवन को खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
-राजेश शर्मा, बीडीओ बिझड़ी