मेडिकल कॉलेज की ऑर्थो ओपीडी के बाहर उमड़ी भीड़।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के मेडिसिन विभाग में चिकित्सकों की कमी चल रही है। अस्पताल के इस विभाग में महज इकलौता सीनियर रेजिडेंट चिकित्सक सेवाएं दे रहा है। जबकि विभाग में छह असिस्टेंट प्रोफेसर हैं, जो कक्षाएं लेने के साथ-साथ ओपीडी व आईपीडी का कार्यभार भी संभाल रहे हैं। ऐसे में कक्षाओं के चलते ओपीडी व आईपीडी सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। जबकि महज एक सीनियर रेजिडेंट होने के चलते उस पर भी कार्य का अतिभार है।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की मेडिसिन ओपीडी में सबसे अधिक मरीज पहुंचते हैं। इस कारण यह ओपीडी भी दो कमरों में चलती है। ऐसे में इन ओपीडी के बाहर दिनभर भीड़ उमड़ी रहती है। अस्पताल से एक सीनियर रेजिडेंट का हाल ही में तबादला होने के चलते यहां अब महज एक ही सीनियर रेजिडेंट है। जबकि अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट के छह पद स्वीकृत हैं।
ऐसे में अस्पताल में मेडिसिन विभाग के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जबकि कई बार तो ओपीडी के बाहर लंबी कतारें लगी होती हैं और अंदर महज एक या दो चिकित्सक ही मौजूद होते हैं। ऐसे में मरीजों को भी उपचार करवाने में परेशानी झेलनी पड़ती है।
एमएस डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि असिस्टेंट प्रोफेसर भी ओपीडी व आईपीडी में सेवाएं देते हैं। खाली पदों को भरने के बारे में विभाग व उच्च अधिकारी ही निर्णय लेंगे।