हमीरपुर । गंभीर एवं दीर्घकालिक बीमारियों से ग्रस्त असहाय मरीजों के लिए संचालित मुख्यमंत्री सहारा योजना अब स्वास्थ्य विभाग के बजाय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से संचालित की जा रही है।
जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने बताया कि हमीरपुर में पात्र एवं आधार सत्यापित लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही की पेंशन जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के गंभीर रोगियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना है।
योजना की आवेदन से भुगतान तक की प्रक्रिया डिजिटाइज कर नया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। अब सभी आवेदन ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे। जिन आवेदनों को हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा सोसाइटी ने लंबित रखा था, उन्हें सहायता के लिए दोबारा आवेदन करना होगा।
पात्र लोग स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या नजदीकी लोकमित्र केंद्र की मदद ले सकते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लाभार्थियों की पहचान और सत्यापन सहित अन्य औपचारिकताओं में सहायता करेंगी। संवाद