भोटा/हमीरपुर। पुलिस सहायता कक्ष भोटा के तहत पड़ती दैण पंचायत के बसंत दा बल्ह नामक स्थान पर पुलिस ने एक व्यक्ति से 91.67 ग्राम चरस और 38.63 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि व्यक्ति कुल्लू से आई इस नशे की खेप को बेचने के लिए मध्यस्थ का काम कर रहा था। व्यक्ति 54 साल का है और उसने स्नातक की पढ़ाई की है। शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे तीन दिन की रिमांड पर भेजा है।
पुलिस सहायता कक्ष भोटा के प्रभारी अजायब सिंह अपनी टीम के साथ दैण पंचायत के बसंत दा बल्ह स्थान पर नाके पर तैनात थे। इस दौरान यहां से स्कूटी पर एक व्यक्ति गुजर रहा था। जैसे ही उसकी नजर पुलिस टीम पर पड़ी तो वह घबरा गया और स्कूटी वहीं छोड़कर पीछे की ओर भागने लगा। पुलिस को शक होने पर जब उसे पकड़ा तो उसने एक पैकेट अपनी जेब से निकालकर झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस ने जब पैकेट को ढूंढकर उसकी जांच की तो उसमें 91.67 ग्राम चरस और 38.63 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान वतन सिंह (54) निवासी गांव दैण तहसील बड़सर के रूप में हुई है। व्यक्ति पर पूर्व में ऊना पुलिस थाने में भी बिरोजा चोरी कर बेचने का मामला दर्ज किया गया है। भोटा पुलिस कक्ष के प्रभारी अजायब सिंह का कहना है कि व्यक्ति को नशे की खेप के साथ पकड़ा गया है। प्रारंभिक जांच में उसने बताया कि कुल्लू से यह नशे की खेप आई है। उससे किसी व्यक्ति ने यह खेप लेनी थी, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।