11 वार्डों में मरम्मत और निर्माण कार्य पर 85 लाख का बजट होगा खर्च
वर्षा शालिकाओं का निर्माण होने से लोगों को मिलेगी सुविधा
वर्षा शालिकाओं के खस्ताहाल होने से वार्डों के साथ शहर में लोगों को होती है दिक्कत
वर्षा शालिकाओं में बैठने के लिए बेंच और पंखों, पेयजल कूलरों को रहेगी उचित व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के 11 वार्डों में वर्षा शालिकाओं का निर्माण और मरम्मत कार्य होगा। वर्षा शालिकाओं के निर्माण कार्य और मरम्मत कार्य पर 85 लाख रुपये का बजट खर्च होगा। नगर परिषद हमीरपुर ने कार्य का टेंडर आवंटित कर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। वर्षा शालिकाओं के निर्माण कार्य और मरम्मत कार्य होने से लोगों को बैठने के लिए उचित स्थान और सुविधा मिलेगी। लोगों को बैठने के लिए बेंच और पंखों, पेयजल कूलरों की भी व्यवस्था रहेगी।
वर्तमान में नगर परिषद हमीरपुर के 11 वार्डों में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर वर्षाशालिकाएं खस्ताहाल और जर्जर अवस्था में हैं। इससे बाजार और वार्डों के लोगों को बारिश, गर्मी के दौरान बैठने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। लोगों की सुविधा के लिए नगर परिषद हमीरपुर की ओर से वर्षा शालिकाओं का मरम्मत और निर्माण कार्य करवाया जा रहा है ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, लोग भी नगर परिषद हमीरपुर से लंबे समय से वर्षा शालिकाओं के निर्माण करने की मांग कर रहे थे। ऐसे में अब कार्य होने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि 11 वार्डों में वर्षा शालिकाओं के निर्माण और जीर्णोद्धार कार्य को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। कुछेक वार्डों में वर्षा शालिकाओं का कार्य शुरू करवा दिया गया है।