हमीरपुर। जिले के 15 सरकारी स्कूलों में आगामी सत्र में विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विभाग ने 15 स्कूलों के भवनों की मरम्मत के लिए 19 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है।
यह राशि स्कूलों में पुराने भवनों की मरम्मत, देखरेख व जीर्णोद्धार कार्य के लिए प्रयोग की जाएगी। इससे विद्यार्थी आगामी सत्र में आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 15 स्कूल प्रमुखों ने भवन, चहारदीवारी, खेल मैदान और शौचालयों की मरम्मत के लिए बजट की मांग की थी। मांग के आधार पर अब प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने बजट राशि आवंटित कर दी है।
बीते वर्ष आई आपदा और बारिश के कारण इन स्कूलों में काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में स्कूल भवन में विद्यार्थियों व शिक्षकों को पढ़ाई के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्कूल भवनों की सुविधा न होने से विद्यार्थियों की कक्षाएं अन्य भवनों में चलाई जा रही हैं। अब आगामी सत्र में निर्माण करवाने के निर्देश दिए हैं, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई करने के लिए बेहतरीन माहौल मिलेगा।
इन स्कूलों में होगी मरम्मत
इनमें राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला रंगस, राजकीय प्राथमिक पाठशाला स्नाही, राजकीय उच्च पाठशाला मझेली, बरोली, खैरी एक, चमियाणा, देहरी डोली, बीड़ बगहेड़ा, खैरी, डाडू, भुक्कड़, चौकी कनकरी, उखली, भौंखर और मझोऊ स्कूल शामिल है।
कोट
15 स्कूलों को भवन मरम्मत के लिए बजट राशि आवंटित कर दी गई है। इन स्कूलों में कक्षा कक्ष, खेल मैदान, चहारदीवारी, शौचालय, रसोईघर और अन्य मरम्मत कार्यों की शुरुआत की जाएगी। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्कूल में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-कमल किशोर, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग, हमीरपुर