अध्यक्ष ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
किशोरी लाल को सौंपा बीडीओ का अतिरिक्त कार्यभार
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। पंचायत समिति हमीरपुर की बैठक का आयोजन बुधवार को बीडीओ कार्यालय सभागार में किया गया। इसकी अध्यक्षता पंचायत समिति हमीरपुर के अध्यक्ष हरीश शर्मा ने की। जबकि उपाध्यक्ष संजीव शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा रखी गई थी लेकिन जल शक्ति, लोक निर्माण विभाग ओर बिजली बोर्ड से कोई अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचा। ऐसे में बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा ही नहीं हो पाई। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब समिति की बैठक से अधिकारी नदारद रहे हों। इससे पूर्व भी कई बार ऐसा हो चुका है। अधिकारियों की गैरहाजिरी पर विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, बीडीसी कार्यालय परिसर में बनाई गई दुकानों की मरम्मत के लिए भी बैठक में प्रस्ताव पारित किया ताकि इनकी मरम्मत की जा सके। बीडीओ हमीरपुर का अतिरिक्त कार्यभार एसडीबीपीओ किशोरी लाल को दिया गया ताकि खंड कार्यालय में आने वाले लोगों के कार्य आसानी से किए जा सकें। समिति अध्यक्ष हरीश शर्मा ने कहा कि तीनों विभागों के कोई भी अधिकारी बैठक में मौजूद नहीं रहे। यह अहम विभाग जिनसे लोगों के सरोकार के कार्य जुड़े होते हैं। पहले भी कई बार ऐसा हो चुका है लेकिन नोटिस को भी विभाग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। ऐसे में पंचायत समिति के कार्य भी अधर में लटक रहे हैं। अहम विषयों पर चर्चा नहीं हो पा रही है।