31 अगस्त को पौधरोपण अभियान के तहत रोपे जाएंगे पौधे
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले में एक सितंबर से पोषण माह का आगाज होगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग अनिल कुमार ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की एक महत्वाकांक्षी योजना पोषण अभियान के तहत एक सितंबर से 30 सितंबर तक जिलेभर में पोषण माह मनाया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुर्वेद विभाग, जल शक्ति विभाग, शिक्षा विभाग एवं अन्य विभागों के संयुक्त प्रयासों से इस जन आंदोलन के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निर्गत करते हुए बताया कि पोषण हमारे बच्चों के बेहतर भविष्य और समृद्ध समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मातृ एवं शिशु कुपोषण शिशु एवं बाल मृत्यु का एक प्रमुख कारण है। पोषण माह के लिए आईसीडीएस विभाग की भूमिका के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि पोषण माह के दौरान जिला, परियोजना, एवं आंगनबाड़ी केंद्र स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 31 अगस्त को पौधरोपण अभियान एक पेड़ मां के नाम के तहत वन विभाग के सहयोग से जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। एक सितंबर से पोषण माह के प्रस्तावित विषयों जैसे एनीमिया, 0 से 6 वर्ष के बच्चों का वजन माप, ऊपरी आहार, पोषण भी पढ़ाई भी एवं अन्य सामुदायिक आधारित कार्यक्रम आरंभ किए जाएंगे।