खंड विकास अधिकारी कार्यालय हमीरपुर। संवाद
हमीरपुर। खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर हमीरपुर में अब ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं स्वदेशी व पारंपरिक उत्पादों की बिक्री कर सकेंगी। महिलाओं की सुविधा के लिए कार्यालय परिसर में बनी कैंटीन को किराये पर आवंटित किया जाएगा।
इसमें महिलाएं विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों के साथ अन्य पारंपरिक तरीके से तैयार किए गए हैंडक्राप्ट व अन्य सामान की बिक्री कर सकेंगी। कैंटीन को पूरे एक वर्ष तक किराये पर दिया जाएगा, जिससे महिलाओं को स्टॉल लगाने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। कैंटीन में सामान को रखने से लेकर बेचने का पूरा कार्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं करेंगी।
जिला प्रशासन की ओर कैंटीन का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य किया गया है। खंड विकास अधिकारी कार्यालय की ओर से कैंटीन को ट्रायल के तौर पर छह माह तक आवंटित किया था। कैंटीन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने सिड्डू, मोमो, चाइनीज के साथ बबरू आदि उत्पादों की बिक्री की, लेकिन अब निजी कारणों से महिलाओं ने कैंटीन को खाली करके प्रशासन को हैंडओवर कर दिया है।
इसके चलते अब कैंटीन को दोबारा किराये पर आवंटित करने का कार्य किया जा रहा है। इससे हमीरपुर ब्लॉक की महिलाओं को काफी सुविधा मिलेगी।
कोट
हाल ही में खंड विकास अधिकारी कार्यालय का अतिरिक्त कार्यभार संभाला है। कैंटीन का निर्माण महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए किया गया है। इसमें महिलाओं की सुविधा के लिए उचित कदम उठाएं जाएंगे।
-तानिया कश्यप, बीडीओ, हमीरपुर